देश की खबरें | आप तेजी से बढ़ती हुई भ्रष्टाचार की फैक्टरी : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष

नयी दिल्ली, 17 नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधते हुए उसे देश में ‘तेजी से बढ़ती हुई भ्रष्टाचार की फैक्टरी’ करार दिया।
सचदेवा ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल का दावा कि ‘आप’ तेजी से बढ़ती हुई पार्टी है, एक ‘बड़ा मजाक’ है।
सचदेवा ने कहा, ”मुख्यमंत्री को पूरा बयान देना चाहिए था कि आप तेजी से बढ़ती हुई भ्रष्टाचार की फैक्टरी है क्योंकि यह देश में अकेली ऐसी पार्टी बन गई है, जिसके दिल्ली के दो मंत्री और पंजाब का एक मंत्री घोटाले में शामिल होने की वजह से जेल में है।”
त्यागराज स्टेडियम में पार्टी कार्यकर्ताओं की सभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने चुनावी बिगुल फूंका और कार्यकर्ताओं से दिल्ली के लोगों को भाजपा की ‘साजिशों’ के बारे में बताने को कहा। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करने को कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव में यहां भाजपा को एक भी सीट न मिले।
सचदेवा ने केजरीवाल पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि जिस ‘आधे खाली पड़े स्टेडियम’ में केजरीवाल बोल रहे थे और सभा में उत्साह की कमी यह दर्शाती है कि केजरीवाल का अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं में मोह भंग हो गया है।
उन्होंने आरोप लगाया, ”निस्संदेह अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्टाचार और परिवारवाद के मामले में सभी पार्टियों को पीछे छोड़ दिया है।”
दिल्ली में 2014 से सभी सात लोकसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *