देश की खबरें | गोवा के मंत्री कैब्राल के इस्तीफे के बाद मंत्रिमंडल में शामिल हुए कांग्रेस के पूर्व नेता सिकेरा

पणजी, 19 नवंबर गोवा सरकार के मंत्रिमंडल में रविवार को फेरबदल देखने को मिला, जिसमें लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री नीलेश कैब्राल के इस्तीफा देने के कुछ घंटे बाद ही विधायक एलेक्सो सिकेरा ने मंत्री पद की शपथ ले ली।
सिकेरा पिछले वर्ष कांग्रेस से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए थे।
सिकेरा (66) को मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की उपस्थिति में राज्यपाल पी. एस. श्रीधरन पिल्लई ने राजभवन में शपथ दिलाई गई।
कर्चोरेम निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा विधायक कैब्राल (51) ने दिन में सावंत के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में पीडब्ल्यूडी और कानून तथा न्यायपालिका विभागों के पद से इस्तीफा दे दिया था जिससे सिकेरा के लिए मंत्रिमंडल में जगह बन सके।
सिकेरा उन आठ विधायकों में से हैं, जो पिछले साल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।
सिकेरा ने संवाददाताओं से कहा कि जब वे भाजपा में शामिल हुए थे तो मुख्यमंत्री ने उनके निर्वाचन क्षेत्रों में विकास होने को लेकर विश्वास जताया था।
उन्होंने कहा कि वह मंत्रिमंडल में शामिल होने से प्रसन्न हैं और राज्य के विकास के लिए काम करेंगे।
कैब्राल ने मुख्यमंत्री को दिए अपने इस्तीफे में कहा कि वह अपना पद इसलिए छोड़ रहे हैं जिससे कि पार्टी पूर्व में किए गए वादों को पूरा कर सके।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार को ‘पीटीआई-’ को बताया कि कैब्राल ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *