देश की खबरें | आतिशी ने छठ से पहले आईटीओ घाट का किया दौरा

नयी दिल्ली, 17 नवंबर दिल्ली की राजस्व मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को आईटीओ और पश्चिम विनोद नगर में छठ घाटों का दौरा किया एवं तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकार तैयारियों में कोई कमी नहीं रहने देगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में बड़ी संख्या में ‘पूर्वांचल’ के लोग रहते हैं जो दिल्ली के विकास में सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक रूप से योगदान देते हैं।
आतिशी ने कहा, ‘‘छठ उन सभी के लिए एक महत्वपूर्ण पर्व है। इस सिलसिले में पिछले आठ वर्षों से अरविंद केजरीवाल सरकार पूरी दिल्ली में भव्य तरीके से छठ महापर्व का आयोजन कर रही है।’’
उन्होंने कहा कि दिल्ली में छठ की तैयारियों में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल के निर्देश पर सभी विधायक और विभाग के लोग ‘ग्राउंड जीरो’ पर हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने श्रद्धालुओं के लिए 1,000 से ज्यादा घाट बनाये हैं ताकि लोग अपने घरों के आसपास ही यह पर्व मना सकें।
मंत्री ने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार इन घाटों पर तालाब निर्माण से लेकर टेंट , प्रकाश, स्वच्छता , सुरक्षा आदि सभी चीजें मुहैया कराने तक सारा इंतजाम कर रही है। इसके अलावा कई घाटों पर मैथिली-भोजपुरी अकादमी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा प्रयास यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली में हमारे पूर्वांचली भाई-बहन खुशी, शांति और उत्साह से छठ का पावन पर्व मना सकें।’’
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को घाटों को तैयार करने का काम जल्दी से पूरा करने का निर्देश दिया।
चार दिवसीय यह छठ पर्व 17 नवंबर को शुरू हो रहा है। इसमें श्रद्धालु उपवास रखते हैं तथा आखिरी दो दिन सूर्य को ‘अर्घ्य’ देते हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *