देश की खबरें | कांग्रेस 60 साल से आदिवासियों की अनदेखी कर रही है : प्रधानमंत्री मोदी

बड़वानी (मप्र), 13 नवंबर मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से चार दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को आदिवासियों के पास पहुंचे और घोषणा की कि वह उनके आदर्श बिरसा मुंडा की जयंती पर उनके (मुंडा के) पैतृक गांव जाएंगे और समुदाय के लिए एक कल्याणकारी योजना शुरू करेंगे। उन्होंने कांग्रेस पर 60 वर्षों से आदिवासियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
राज्य में 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए प्रचार करते हुए मोदी ने मध्य प्रदेश के लोगों को आश्वासन दिया कि अगर उनकी पार्टी सत्ता बरकरार रखती है तो सत्तारूढ़ दल द्वारा किए गए सभी वादे पूरे किए जाएंगे और लोगों को कांग्रेस से सावधान रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल चुनाव जीतने के लिए ‘‘सोने का महल’’ बनाने का वादा भी कर सकता है।
प्रधानमंत्री ने बड़वानी जिले में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि दो दिन बाद भगवान बिरसा मुंडा की जयंती (15 नवंबर को) पड़ेगी। हम इसे ‘‘जनजातीय गौरव दिवस’’ के रुप मे मनाते हैं। आजादी की लड़ाई में आदिवासियों ने बड़ी भूमिका निभाई थी।
मोदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने कभी आदिवासियों की परवाह नहीं की, जबकि भाजपा उनके सम्मान और सामाजिक न्याय के लिए खड़ी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं 15 नवंबर को झारखंड में भगवान बिरसा मुंडा के गांव जा रहा हूं वहां से आदिवासी समाज के लिए बहुत बड़ी योजना की शुरुआत होने वाली है।’’
सभी राज्यों की तुलना में मध्य प्रदेश में सबसे अधिक आदिवासी आबादी है। इसमें कुल 230 में से 47 विधानसभा सीटें अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं। मप्र में पिछले विधानसभा चुनाव में आदिवासी आरक्षित सीटों पर भाजपा का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था।
आधिकारिक सूत्रों ने नयी दिल्ली में कहा कि प्रधानमंत्री झारखंड में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के अवसर पर विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के समग्र विकास के उद्देश्य से 24,000 करोड़ रुपये की योजना शुरू करेंगे।
उन्होंने कहा कि योजना – पीवीटीजी विकास मिशन – आदिवासियों के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। यह अपनी तरह की पहली पहल होगी। बड़वानी रैली में मोदी ने कांग्रेस पर सत्ता में रहते हुए आदिवासियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद 60 वर्षों में कांग्रेस ने न तो आदिवासी विकास के लिए काम किया और न ही उन्हें सम्मान दिया।
मोदी ने जनसभा को याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अगुवाई में भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने आदिवासी विकास के लिए एक अलग मंत्रालय स्थापित किया था।
उन्होंने कहा कि जब केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तो हमारे आदिवासी भाइयों को उचित सम्मान मिला और उनके कल्याण के लिए एक अलग मंत्रालय बनाया गया।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में आदिवासी लोगों को ‘‘डबल इंजन’’ सरकार (राज्य और केंद्र में भी भाजपा की सरकार) से लाभ हुआ है।
मतदाताओं से विपक्षी दल के ‘‘झूठे’’ वादों में नहीं फंसने की अपील करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘जहां भी कांग्रेस सत्ता में आती है, अपराध दर अपने चरम पर पहुंच जाता है, दंगे आम हो जाते हैं और बहनों और बेटियों के खिलाफ अत्याचार बढ़ जाते हैं।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्टार प्रचारक ने कहा, ‘‘कांग्रेस शासित राज्य कांग्रेस के सत्ता से हटने के बाद फले-फूले हैं। जहां भी कांग्रेस सत्ता में आती है वहां के समृद्ध राज्य भी बर्बाद हो जाते हैं। सत्ता मिलने के बाद कांग्रेस लूट-खसोट में लग जाती है।’’
उन्होंने कहा कि मप्र की जनता को सतर्क रहना होगा। उदयपुर में 2022 में एक दर्जी कन्हैया लाल की हत्या का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘क्या हम कल्पना भी कर सकते हैं कि भारत में हम कभी ‘सर तन से जुदा’ जैसा नारा सुनेंगे? लेकिन ‘वीर धरा’ राजस्थान में कांग्रेस के कुशासन में यह हुआ है।
कन्हैया लाल (48) की 28 जून, 2022 को उनकी दुकान के अंदर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने दावा किया कि उन्होंने इस्लाम के कथित अपमान का बदला लेने के लिए लाल की हत्या की।
राजस्थान में इस महीने के अंत में चुनाव होने हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘जहां भी कांग्रेस की सरकार बनी है, यहां तक कि समृद्ध राज्य भी संकट में पड़ गए हैं।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश के किसानों, महिलाओं, युवाओं और राज्य सरकार के कर्मचारियों को कई वादे किए थे, लेकिन पिछले साल वहां चुनाव जीतने के बाद उन सभी को धोखा दिया गया।
मोदी ने कहा कि कर्नाटक जहां कांग्रेस इस साल मई में सत्ता में आई है, वहां भी वह उसी रास्ते पर है और दक्षिणी राज्य में विकास रुक गया है।
प्रधानमंत्री ने भाजपा शासित राज्य के लोगों को विपक्षी दल के खिलाफ आगाह करते हुए कहा, ‘‘अगर कांग्रेस कर्नाटक जैसे समृद्ध राज्य के साथ ऐसा कर सकती है तो वे मध्य प्रदेश के साथ क्या करेंगे?’’
मोदी ने कहा कि कांग्रेस किसी भी तरह चुनाव जीतने के लिए मध्य प्रदेश के लोगों से सोने का महल बनाने का वादा भी कर सकती है।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने मप्र को अंधेरे कुएं में धकेल दिया था। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने राज्य को इस अंधेरे से बाहर निकाला। कांग्रेस का लक्ष्य सत्ता में आने के बाद केवल अपना खाली खजाना भरना है।’’
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘‘आलू से सोना’’ बनाने की 2017 की टिप्पणी पर चुटकी लेते हुए कहा, ‘‘वे सोने का महल देने का वादा करेंगे और फिर कहेंगे कि वे आलू से सोना निकालेंगे और फिर इसे बनाएंगे।’’
मोदी ने कहा कि लोग छत्तीसगढ़ और राजस्थान (दोनों कांग्रेस शासित) में देख सकते हैं कि कैसे अवैध तरीकों से कमाए गए नोटों के ढेर हर दिन बाहर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिस्तरों के नीचे रुपये छुपाये गये थे। आप मोदी से प्यार करते हैं, वे (कांग्रेस) मुझे गाली देते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उन्हें मुझे गालियां देने दीजिये, आपका प्यार उनकी गालियों को कुचल देगा।’’
प्रधानमंत्री साफ तौर पर छग में ईडी के छापे का जिक्र कर रहे थे, जिसमें जांच जांच एजेंसी ने फॉरेंसिक विश्लेषण और ‘कैश कूरियर’ द्वारा दिए गए बयान के आधार पर यह दावा किया था कि महादेव सट्टेबाजी ऐप प्रमोटरों ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल को 508 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।
बघेल ने ईडी के इस दावे का खंडन किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को होने वाला चुनाव सिर्फ भाजपा और कांग्रेस के बीच की लड़ाई नहीं है बल्कि यह चुनाव मध्य प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य को तय करने वाला है।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर राज्य को अंधेरे कुएं में धकेलने का आरोप लगाया और कहा कि 2003 में सत्ता में आने के बाद भाजपा ने मध्य प्रदेश को अंधेरे से बाहर निकाला है। कांग्रेस के कार्यकाल के पिछले रिकॉर्ड के कारण अब कोई भी उसकी बातों और वादों पर भरोसा नहीं करता।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने 60 वर्षों तक पंचायत से संसद तक शासन किया, लेकिन उसने न तो आदिवासियों के कल्याण के बारे में सोचा और न ही उन्हें सम्मान दिया।’’
उन्होंने कहा कि जब केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तो हमारे आदिवासी भाइयों को उचित सम्मान मिला और उनके कल्याण के लिए एक अलग मंत्रालय बनाया गया।
मोदी ने मध्य प्रदेश के लोगों को आश्वासन दिया, ‘‘राज्य में अगर भाजपा की सरकार बरकरार रही तो लोगों से किये गये सभी वादे पूरे होंगे। यह मेरी गारंटी है।’’
उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के दौरान शुरू की गई और 80 करोड़ गरीब लोगों को कवर करने वाली केंद्र की मुफ्त राशन योजना को पांच साल के लिए बढ़ाया जाएगा। यह योजना अगले महीने खत्म होने वाली थी। मध्य प्रदेश की 230 सीटों के लिए एक ही चरण में मतदान होगा और नतीजे तीन दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *