देश की खबरें | कांग्रेस ने ‘नव केरल सदास’ अभियान को लेकर माकपा और विजयन पर साधा निशाना

तिरुवनंतपुरम, 17 नवंबर केरल में विपक्षी दल कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पिनारायी विजयन के नेतृत्व वाले ‘नव केरल सदास’ नामक अभियान की शुरुआत से पहले शुक्रवार को सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि यह वाम मोर्चे की सरकार का एक राजनीतिक अभियान है।
कांग्रेस ने इस पहल को विजयन की छवि को मजबूत करने के उद्देश्य से एक जनसंपर्क प्रयास भी करार दिया।
मुख्यमंत्री और उनके कैबिनेट मंत्रियों की अध्यक्षता में ‘नव केरल सदास’ (केरल के नए सदस्य) अभियान केरल के सभी 140 निर्वाचन क्षेत्रों में चलाया जाएगा।
इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य माकपा के नेतृत्व वाली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की सरकार द्वारा पिछले सात वर्षों में प्रमुख क्षेत्रों में की गई प्रगति के बारे में जनता से उनकी राय जानना है।
एक महीने से अधिक समय तक चलने वाला यह अभियान 18 नवंबर को उत्तरी कासरगोड जिले के मंजेश्वरम निर्वाचन क्षेत्र में शुरू होने वाला है।
विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने कहा कि ‘नव केरल सदास’ एक राजनीतिक अभियान है, जिसे अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर वाम मोर्चा और माकपा की ओर से शुरू किया जा रहा है।
केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के सुधाकरन ने आरोप लगाया कि यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री के लिए एक जनसंपर्क एवं प्रचार अभियान है।
सुधाकरन ने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य के लोगों की तुलना में अपने परिवार के बारे में अधिक चिंतित हैं।
सुधाकरन ने आरोप लगाया कि करदाताओं के पैसे का उपयोग करके इस तरह का अभियान आयोजित करना जनता का मजाक उड़ाना और उनकी (सरकार) शक्ति के दुस्साहस का प्रतीक है।
‘नव केरल सदास’ के तहत अधिकारियों ने निर्वाचन क्षेत्रों में महत्वपूर्ण मुद्दों पर लोगों की राय प्राप्त करने के लिए विशेष काउंटर स्थापित करने की योजना बनाई है।
इस दौरान मुख्यमंत्री और मंत्री लागू की गयी और आगामी सरकारी योजनाओं के बारे में लोगों को बताएंगे। इसके बाद प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ने इस अभियान का विरोध करते हुए इसे करदाताओं के खर्च पर आयोजित किया जाने वाला एक चुनाव अभियान करार दिया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *