देश की खबरें | तमिलनाडु में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई दीपावली

चेन्नई, 12 नवंबर तमिलनाडु में रविवार को प्रकाश का पर्व दीपावली पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लोग विशेष पूजा-अर्चना के लिए राज्य के प्रमुख मंदिरों में पहुंचे।
तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) प्रमुख एवं नेता प्रतिपक्ष ईके पलानीस्वामी और कई अन्य नेताओं ने दीपावली के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने लोगों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के अनुरूप दीपावली के मौके पर स्थानीय सामान खरीदने का आह्वान किया।
शहर की पुलिस की ओर से पहले ही पटाखे जलाने के लिए दो घंटे की अवधि सहित कई दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
पुलिस ने बताया कि शीर्ष अदालत के आदेश के अनुसार केवल पर्यावरण के अनुकूल अनुमति प्राप्त रसायनों से बने हरित पटाखे ही बेचे और जलाए जा सकते हैं।
इसके अलावा, शीर्ष अदालत के निर्देशानुसार पटाखे केवल सुबह छह से सुबह सात बजे तक और शाम सात से आठ बजे के बीच ही जलाए जाने चाहिए।
पुलिस ने कहा कि 2022 में निर्धारित समय के बाद पटाखे जलाने और ध्वनि संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ 271 मामले दर्ज किए गए थे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *