देश की खबरें | देवरिया में एक किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, दो गिरफ्तार

देवरिया (उप्र), 24 नवंबर जिले में एक किशोरी से कथित रूप से सामूहिक बलात्कार करने का मामला सामने आया है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि गौरी बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय लड़की से सामूहिक बलात्कार करने के आरोप में दो लोगों पर मामला दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
रुद्रपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी अंशुमान श्रीवास्तव ने शुक्रवार को बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे नाबालिग लड़की घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित अपने खेत में गई थी। उन्होंने कहा कि इसी दौरान उसी गांव के दो लोगों ने उससे कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया।
श्रीवास्तव ने कहा कि शुक्रवार को लड़की की मां ने आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद उनके खिलाफ भादंस की धारा 376 डी (सामूहिक बलात्कार) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी शिवचंद ने बताया कि आरोपी दुर्गेश और अभिजीत को शुक्रवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया है। इन दोनों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस मामले में एक अन्य व्यक्ति शिवम पर घटना का विडियो बनाये जाने का आरोप है। लेकिन अभी तक इस तरह का कोई वीडियो पुलिस को नहीं मिला है। इसलिए तीसरे व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया है।
उन्होंने बताया कि लड़की को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि पीड़िता का देवरिया स्थित महर्षि देवराम बाबा मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है।

सं जफर

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *