देश की खबरें | गुरुद्वारे में निहंगों की गोलीबारी से होमगार्ड जवान की मौत, चार पुलिसकर्मी घायल

सुल्तानपुर लोधी, (कपूरथला), 23 नवंबर पंजाब के कपूरथला जिले में ‘निहंगों’ के समूह द्वारा बृहस्पतिवार को की गयी गोलीबारी में होमगार्ड के एक जवान को जान गंवानी पड़ी, जबकि चार अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गये। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, निहंगों के दो समूहों के बीच गुरुद्वारा अकाल बंगा साहिब पर कब्जे को लेकर विवाद हो गया था ।
उन्होंने बताया कि घटना उस वक्त हुई जब पुलिसकर्मी सुल्तानपुर लोधी में बाबा मान सिंह के नेतृत्व वाले निहंगों के एक गुट द्वारा खाली किए गए गुरुद्वारा अकाल बंगा साहिब में अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे।
विशेष पुलिस महानिदेशक अर्पित शुक्ला ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह यहां पहुंचने पर बिना किसी उकसावे के पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी हुयी है।
कपूरथला में संवाददाताओं से बातचीत में शुक्ला ने कहा कि हत्या का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया, ‘‘पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है और हथियार बरामद किये गये हैं।’’
उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।
कपूरथला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) (मुख्यालय) तेजबीर सिंह हुंडल ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि पुलिसकर्मी सड़क पर खड़े थे तभी कुछ निहंगों ने उन पर गोलियां चला दीं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *