देश की खबरें | मप्र की रैली में प्रधानमंत्री ने लोगों को दिलाया ‘मोदी की गारंटी का भरोसा’

बड़वानी (मप्र), 13 नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को मध्य प्रदेश के लोगों को आश्वासन दिया कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सत्ता बरकरार रहने पर पार्टी द्वारा उनसे किये गये सभी वादे पूरे किये जायेंगे।
उन्होंने देश में 80 करोड़ गरीब लोगों को कवर करने वाली केंद्र की मुफ्त राशन योजना अगले पांच वर्षों तक जारी रखने की अपनी बात दोहराई।
प्रधानमंत्री मोदी ने मध्य प्रदेश के बड़वानी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आपसे किए गये सभी वादे पूरे होंगे। यह मेरी गारंटी है।’’
कांग्रेस की आलोचना करते हुए मोदी ने कहा कि पार्टी सत्ता में आने के लिए ‘सोने का महल’ बनाने का वादा भी कर सकती है।
15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के बारे में बोलते हुए मोदी ने कहा, ‘‘यह भाजपा सरकार के लिए गर्व की बात है कि हमें इस दिन को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करने का अवसर मिला।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के आदिवासियों ने देश की संस्कृति को समृद्ध किया है। उन्होंने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी योद्धाओं और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने आदिवासी समुदाय की उपेक्षा की थी, भाजपा ने इस समुदाय को सम्मान दिलाया है।
मोदी ने चुनाव प्रचार की हलचल के बीच सैनिकों के साथ दिवाली मनाने के लिए सीमा पर अपनी यात्रा का भी जिक्र किया।
मोदी ने कहा, ‘‘यह चुनाव मध्य प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य को तय करने वाला है।’’
उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर राज्य को अंधेरे कुएं में धकेलने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा ने मध्य प्रदेश को अंधेरे से बाहर निकाला है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *