देश की खबरें | श्रमिकों की कुशलक्षेम जानने के लिए झारखंड सरकार की टीम सिलक्यारा पहुंची

उत्तरकाशी, 17 नवंबर यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन सुरंग में फंसे श्रमिकों की कुशलक्षेम जानने के लिए झारखंड सरकार की एक टीम शुक्रवार को सिलक्यारा पहुंची।
आईएएस अधिकारी भुवनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में पहुंची तीन सदस्यीय टीम ने झारखंड के श्रमिक विश्वजीत और सुबोध से पाइप के जरिए बातचीत कर उनका हालचाल लिया।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में सिंह ने केंद्र एवं उत्तराखंड सरकार द्वारा बचाव एवं राहत के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि प्रशासनिक स्तर पर इस हादसे के प्रबंधन और बचाव कार्य के लिए मुकम्मल इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने सुरंग में फंसे श्रमिकों की स्थिति और उनकी देखभाल के लिए की गई व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताते हुए भरोसा जताया कि जल्द सभी मजदूर सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाएंगे।
सुरंग में फंसे 40 श्रमिकों में से 15 झारखंड के निवासी हैं जबकि बाकी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और असम के निवासी हैं।
सिलक्यारा सुरंग का एक हिस्सा रविवार सुबह ढह गया था जिससे उसमें 40 श्रमिक फंस गए हैं। इन्हें बाहर निकालने के लिए मलबे में शक्तिशाली अमेरिकी ऑगर मशीन से ड्रिलिंग करके पाइप के जरिये रास्ता बनाया जा रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *