देश की खबरें | महाराष्ट्र भाजपा ने एमटीएचएल के उद्घाटन की तारीख बताई, एमएमआरडीए ने कहा काम तब तक पूरा नहीं होगा

मुंबई, 21 नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई ने दावा किया है कि भारत के सबसे लंबे समुद्री सेतु बताये जा रहे ‘मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक’ (एमटीएचएल) को 25 दिसंबर को सार्वजनिक इस्तेमाल के लिए खोल दिया जाएगा, वहीं परियोजना पर काम कर रही सरकारी एजेंसी ने कहा कि पुल का काम 97 प्रतिशत पूरा हो गया है लेकिन बाकी काम उक्त तारीख तक पूरा होने की संभावना नहीं है।
एमटीएचएल शिवरी (मुंबई) और चिर्ले (नवी मुंबई) के बीच 21.8 किलोमीटर लंबा छह लेन वाला पुल है जो दक्षिण मुंबई को नवी मुंबई से जोड़ेगा।
परियोजना का निर्माण मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) कर रहा है। अधिकारियों ने कहा कि परियोजना के पूरी होने पर यह भारत में सबसे लंबा समुद्री पुल होगा जिस पर से रोजाना 70,000 से अधिक वाहन गुजरेंगे।
भाजपा की महाराष्ट्र इकाई ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि ‘अटल बिहारी वाजपेयी सी लिंक’ का उद्घाटन इस साल 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी की जयंती पर किया जाएगा।
हालांकि, इस बारे में जानकारी के लिए जब एमएमआरडीए के एक सूत्र से संपर्क किया गया तो उसने कहा, ‘‘सी लिंक का निर्माण कार्य लगभग 97 प्रतिशत पूरा हो चुका है। लेकिन विद्युतीकरण, पुल पर पोल लगाना, टोल बूथ और पूरी प्रणाली का एकीकरण करना बाकी है। पोल लगाने और अन्य कामों के लिए कुछ आदेश इस साल जून में ही जारी किए गए थे। परियोजना इस साल दिसंबर तक पूरी नहीं हो सकती।’’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कुछ साल पहले परियोजना की आधारशिला रखी थी। कोविड-19 महामारी के दौरान इसका काम आंशिक रूप से प्रभावित हुआ था।
सत्तारूढ़ भाजपा ने एमटीएचएल के उद्घाटन की तारीख घोषित कर दी है, लेकिन महाराष्ट्र सरकार ने इस बारे में अभी तक कोई घोषणा नहीं की है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस साल मई में एमटीएचएल का दौरा किया था और उन्होंने शेवरी-न्हावा शेवा ट्रांस हार्बर लिंक पर गाड़ी भी चलाई थी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *