देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी ने रांची में 10 किलोमीटर लंबा रोड शो किया

रांची, 14 नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को झारखंड की राजधानी रांची में रात करीब 10 बजे 10 किलोमीटर लंबा रोडशो किया।
अधिकारियों ने बताया कि मोदी के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर उतरने के तुरंत बाद कड़ी सुरक्षा के बीच 45 मिनट का रोड शो शुरू हुआ।
प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए हवाई अड्डे से राजभवन तक सड़क के दोनों ओर हजारों लोग खड़े थे। उन्होंने निर्धारित स्थानों पर उनके वाहन पर फूलों की वर्षा की।
मोदी आदिवासी नायक बिरसा मुंडा की जयंती की पूर्व संध्या पर झारखंड की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। 15 नवंबर झारखंड का राज्य दिवस भी है। इस दिन को 2021 से ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में भी मनाया जाता है।
यहां पहुंचने के तुरंत बाद मोदी ने सोशल मीडिया मंच‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मध्य प्रदेश में यादगार रैलियों और रोड शो के बाद मैं रांची पहुंचा हूं। कल 15 नवंबर बहुत खास दिन है। मुझे झारखंड के लोगों के साथ जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होने का सौभाग्य मिलेगा। उनकी जन्मस्थली उलिहातू आने का अवसर पाकर मैं बहुत गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।’’
भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर गौरव दिवस मनाया जाता है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस यात्रा के दौरान जहां मैं खूंटी में विकासशील भारत संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाऊंगा, वहीं आदिवासी समुदाय के कल्याण के लिए 24,000 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक योजना का भी उद्घाटन करूंगा। कल झारखंड का स्थापना दिवस भी है। इस अवसर पर मैं यहां अपने परिवार के सभी सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।’’
हवाई अड्डे पर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
सोरेन ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘बिरसा मुंडा, सिद्धो कान्हो, फुलो झानो, पोटो हो और नीलांबर पीतांबर जैसे वीर पुरुषों की पूजनीय भूमि पर देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का हार्दिक अभिनंदन और स्वागत है।’’
अधिकारियों ने बताया कि मोदी एक विशेष विमान से बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर पहुंचे और उनके पहुंचने के कुछ समय बाद ही कड़ी सुरक्षा के बीच रोडशो शुरू हो गया।
राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘झारखंड की महान भूमि पर हमारे सबसे सम्मानित माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है।’’
प्रधानमंत्री के उतरने से कुछ घंटे पहले लोग उनके स्वागत के लिए 10 किलोमीटर रास्ते में सड़क किनारे दोनों ओर कतार में खड़े थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक ढोल और गाने बजाते हुए हिनू चौक और अरगोड़ा सहित कई स्थानों पर उनका स्वागत किया।
कई जगहों पर भीड़ ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाती दिखी।
रोडशो के मद्देनजर हवाई अड्डे से राज भवन तक के मार्ग पर रात आठ बजे से रात साढ़े 10 बजे तक यातायात संबंधी पाबंदियां लागू की गई थीं। प्रधानमंत्री का रोडशो इसी मार्ग से गुजरा।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि हवाई अड्डे से राज भवन और राज भवन से बिरसा मुंडा ओल्ड जेल तक पूरे मार्ग को मंगलवार शाम छह बजे से बुधवार रात 11 बजे तक उड़ान निषेध क्षेत्र घोषित कर दिया गया है।
रांची जिला प्रशासन ने राज्य स्तरीय पंचायत स्वयं सेवक संघ (एसएलपीएसएसएस) के प्रस्तावित आंदोलन के मद्देनजर बिना पूर्व अनुमति के किसी भी रैली या प्रदर्शन पर रोक लगाते हुए रांची नगर निगम क्षेत्र में 14 नवंबर शाम छह बजे से 15 नवंबर पूर्वाह्न 11 बजे तक दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 लागू कर दी है। आंदोलन के मद्देनजर एसएलपीएसएसएस ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की योजना बनाई है।
राजभवन में रात्रि विश्राम के बाद प्रधानमंत्री बुधवार सुबह रांची में भगवान बिरसा मुंडा संग्रहालय उद्यान-सह-स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय जाएंगे और फिर हेलिकॉप्टर से खूंटी जिले में बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु गांव जाएंगे, जहां वह स्वतंत्रता सेनानी को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
मोदी उलिहातू जाने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे।
दिन के दौरान वह विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के विकास के उद्देश्य से 24,000 करोड़ रुपये की परियोजना का आरंभ करेंगे।
मोदी ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ की भी शुरुआत करेंगे, पीएम-किसान योजना के तहत 18,000 करोड़ रुपये की 15वीं किस्त जारी करेंगे और राज्य में 7,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री खूंटी में आईईसी (सूचना, शिक्षा और संचार) वैन को हरी झंडी दिखाएंगे, जो ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ का आरंभ होगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *