देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी ने रांची में 10 किलोमीटर लंबा रोडशो शुरू किया

रांची, 14 नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को झारखंड की राजधानी रांची में रात करीब 10 बजे 10 किलोमीटर लंबे अपने रोडशो की शुरुआत की।
अधिकारियों ने बताया कि मोदी एक विशेष विमान से बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर पहुंचे और उनके पहुंचने के कुछ समय बाद ही कड़ी सुरक्षा के बीच रोडशो शुरू हो गया।
प्रधानमंत्री को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर हजारों लोग कतारों में खड़े थे।
मोदी आदिवासी नायक बिरसा मुंडा की जयंती और राज्य के स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं।
झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया।
रोडशो के मद्देनजर हवाई अड्डे से राज भवन तक के मार्ग पर रात आठ बजे से 10.30 बजे तक यातायात संबंधी पाबंदियां लागू की गई हैं। प्रधानमंत्री का रोडशो इसी मार्ग से निकल रहा है।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि हवाई अड्डे से राज भवन और राज भवन से बिरसा मुंडा ओल्ड जेल तक पूरे मार्ग को मंगलवार शाम छह बजे से बुधवार रात 11 बजे तक उड़ान निषेध क्षेत्र घोषित कर दिया गया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *