जरुरी जानकारी | रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.26 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 17 नवंबर अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.26 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। वैश्विक बाजारों में डॉलर में आई मजबूती और स्थानीय शेयर बाजारों में गिरावट से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतों के चार माह के निचले स्तर पर होने से रुपये की गिरावट पर कुछ अंकुश लगा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में कल रात कच्चे तेल मूल्य में आई गिरावट के बाद रुपया 83.23 प्रति डॉलर पर सपाट खुला। दिन में यह 83.23 से 83.28 प्रति डॉलर के बीच रहा। अंत में यह तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.26 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 83.23 पर बंद हुआ था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 104.53 उच्चस्तर पर पहुंचने के बाद 0.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 104.23 पर रह गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77.84 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 187.75 अंक की गिरावट के साथ 65,794.73 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को 477.76 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *