देश की खबरें | एसबीकेके निदेशक शोभा दीपक सिंह को सुमित्रा चरत राम पुरस्कार से सम्मानित किया गया

नयी दिल्ली, 18 नवंबर शास्त्रीय नृत्यांगना और श्रीराम भारतीय कला केंद्र (एसबीकेके) की निदेशक शोभा दीपक सिंह को ‘सुमित्रा चरत राम लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड 2023’ से सम्मानित किया गया है।
सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान ने सिंह को ‘‘एसबीकेके के प्रति उनके अटूट समर्पण और भारतीय संस्कृति की दूत के रूप में उनकी भूमिका’’ के लिए सम्मानित करते हुए शुक्रवार शाम प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया।
खान ने कहा, ‘‘हम भारतीय शास्त्रीय संगीत की एक ऐसी महान हस्ती का वास्तव में सम्मान कर रहे हैं, जिनके समर्पण ने हमारी संगीत विरासत को संरक्षित रखा है और इसे प्रोत्साहित किया है। शोभाजी का प्रभाव संगीत से परे है, क्योंकि उन्होंने दुनिया भर में हमारी सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा दिया है। मैं अत्यंत गर्व के साथ एक सच्ची कलाकार को उनकी आजीवन उपलब्धि के लिए यह पुरस्कार प्रदान करता हूं।’’
भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले प्रख्यात कलाकारों को सम्मानित करने के लिए 2010 में ‘सुमित्रा चरत राम लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार की स्थापना की गई थी।
सिंह (80) ने कहा, ‘‘मैं पूरी कृतज्ञता के साथ इस सम्मान को न केवल अपने लिए, बल्कि हमारे राष्ट्र की सामूहिक भावना के लिए स्वीकार करती हूं। हमारी कला हमारी आत्मा है और मैं इस बात की आभारी हूं कि मुझे इसे संरक्षित रखने में भूमिका निभाने का अवसर मिला।’’
सिंह को मार्शल नृत्य शैली मयूरभंज छाऊ के पुनरुद्धार में उनके योगदान के लिए जाना जाता है।
सिंह ने ‘कृष्ण’ और ‘श्री राम’ सहित लोकप्रिय नृत्य नाटकों का भी निर्देशन किया है, जो भरतनाट्यम, ओडिसी, कथक, छाऊ और कलारीपयट्टू जैसे भारतीय शास्त्रीय नृत्य रूपों की एक विस्तृत श्रृंखला का प्रदर्शन करते हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *