विदेश की खबरें | अमेरिका के रक्षा मंत्री ऑस्टिन ने अचानक यूक्रेन की यात्रा की

पोलैंड से ट्रेन के जरिए कीव पहुंचे ऑस्टिन का यूक्रेन के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने और देश की तत्काल सैन्य जरूरतों को लेकर सार्वजनिक रूप से जोर देने का कार्यक्रम है क्योंकि रूस-यूक्रेन के मध्य लड़ाई जारी है और भीषण सर्दी आने वाली है।
यह ऑस्टिन की कीव की दूसरी यात्रा है, लेकिन इस बार की यात्रा वह बहुत अलग परिस्थितियों में कर रहे हैं। उनकी पहली यात्रा रूस के आक्रमण के ठीक दो महीने बाद अप्रैल 2022 में हुई थी। ऑस्टिन ने एक अंतरराष्ट्रीय प्रयास शुरू किया जिसके तहत अब 50 देशों की मासिक बैठक होती है ताकि इस बात पर समन्वय किया जा सके कि कीव को कौन से हथियार, प्रशिक्षण और अन्य सहायता दी जा सकती है।
ऑस्टिन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैं आज एक महत्वपूर्ण संदेश देने के लिए यहां आया हूं – अमेरिका रूस की आक्रामकता के खिलाफ आजादी की लड़ाई में यूक्रेन के साथ खड़ा रहेगा।’’
लेकिन गाजा में संघर्ष यूक्रेन की लड़ाई से ध्यान और संसाधन की आपूर्ति में कमी ला सकता है। सात अक्टूबर को इजराइल पर हमास के हमले और उसके बाद इजराइल द्वारा गाजा पर कई हफ्तों तक की गई विनाशकारी बमबारी के बाद से अमेरिका ने उन हमलों को क्षेत्रीय युद्ध में बदलने से रोकने के लिए तेजी से काम किया है, जिसमें 10,000 से अधिक नागरिक मारे गए हैं।
यूक्रेन को अब तक अमेरिका से 44 अरब अमेरिकी डॉलर और अन्य सहयोगियों से 35 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक के हथियार मिले हैं, जिसमें लाखों गोलियों से लेकर वायु रक्षा प्रणाली, उन्नत यूरोपीय और अमेरिकी युद्ध टैंक और आखिर में एफ-16 लड़ाकू जेट विमान की आपूर्ति का वादा शामिल है।
यूक्रेन को अभी और अधिक की मदद की जरूरत है और यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति के लगभग 20 महीनों के बाद इसमें कमी दिखाई देने लगी हैं। पोलैंड जैसे कुछ यूरोपीय देशों ने अपनी रक्षा के लिए पर्याप्त क्षमता बनाए रखने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए समर्थन कम कर दिया है।
हालांकि, जैसे-जैसे सर्दियां शुरू होंगी, जमीनी परिस्थितियों के कारण दोनों पक्षों के लिए बड़ी बढ़त हासिल करना अधिक कठिन हो जाएगा। अगर अमेरिकी सांसदों को लगता है कि अधिक धन की आवश्यकता से पहले इंतजार करने का समय है तो यह यूक्रेन के खिलाफ जा सकता है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *