देश की खबरें | कर्जत के पास चलती मालगाड़ी पर पुल से गिरी कार, आरपीआई कार्यकर्ता समेत तीन लोगों की मौत

ठाणे, सात नवंबर महाराष्ट्र में कर्जत और पनवेल रेलवे स्टेशनों के बीच मंगलवार की सुबह चलती मालगाड़ी के ऊपर एक पुल से एक कार के गिर जाने की घटना में इसमें सवार रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के एक स्थानीय कार्यकर्ता समेत तीन लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने घटना की जांच की मांग की है।
पनवेल पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह साढे तीन से चार बजे के बीच उस वक्त हुई जब कार मुंबई-पनवेल मार्ग पर नेरल की ओर जा रही थी।
अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान धर्मानंद गायकवाड़ (41) और उसके रिश्तेदारों मंगेश जाधव (46) एवं नितिन जाधव (48) के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि गायकवाड़ रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले गुट) का कार्यकर्ता था। उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मध्य रेलवे (सीआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवराज मानसपुरे ने बताया कि मालगाड़ी पनवेल से रायगढ़ जिले के कर्जत की ओर जा रही थी और इस घटना के कारण इसके कुछ वैगन अलग हो गए।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारण सीआर का पनवेल-कर्जत रेल खंड सुबह 3.43 बजे से सुबह 7.32 बजे तक बंद रहा।
उन्होंने कहा कि इस घटना के कारण केवल एक ट्रेन – 17317 हुबली-दादर एक्सप्रेस मार्ग बदलकर को कर्जत-कल्याण मार्ग से भेजा गया।
आरपीआई की ओर से जारी बयान में केंद्रीय मंत्री आठवले ने गायकवाड़ एवं अन्य लोगों की मौत पर शोक जताया तथा घटना की जांच की मांग की।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *