देश की खबरें | मणिपुर के कांगपोकपी जिले में गोलीबारी, दो पुलिस कर्मी सहित नौ लोग घायल

इम्फाल, सात नवंबर मणिपुर के इम्फाल वेस्ट जिले से लगे कांगपोकपी जिला स्थित कांगचुप इलाके में मंगलवार को अज्ञात लोगों की गोलीबारी में दो पुलिस कर्मी सहित कम से कम नौ लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मेइती इलाके में ठहरे एक अलग समुदाय के पांच अज्ञात लोगों की मौजूदगी को लेकर चौकन्ना हुए फायेंग के लोगों का एक बड़ा समूह उनका पता लगाने के लिए कांगचुप इलाके में गया था।
उन्होंने बताया कि वे लोग जैसे ही वहां पहुंचे, संदिग्ध उग्रवादियों ने पहाड़ी की ओर से उन पर गोलीबारी शुरू कर दी।
बाद में, ग्राम रक्षा दल और सुरक्षा बल मौके पर गए, जिसके बाद वहां दोनों ओर से गोलीबारी हुई।
पुलिस ने बताया, ‘‘कांगचुप इलाके में गोलीबारी रूक गई है और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।’’
अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि अब तक, सात लोगों को रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आरआईएमएस) में भर्ती कराया गया है जबकि दो को इम्फाल के राज मेडिसिटी में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस बीच, मेइती इलाके में ठहरे चार लोग लापता हैं, जबकि एक को सुरक्षा बलों ने ढूंढ लिया, जो गंभीर रूप से घायल है।
सुरक्षा कर्मी शेष चार लापता लोगों को ढूंढने के लिए अभियान चला रहे हैं।
इस बीच, कांगपोकपी जिले के निकट सेकमई से रविवार दोपहर दो किशोरों के लापता होने के बाद इम्फाल घाटी में तनाव व्याप्त है।

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *