देश की खबरें | कई राज्यों के राज्यपाल और मुख्यमंत्रियों ने लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं

तिरुवनतंपुरम/मुंबई, 11 नवंबर दिवाली की पूर्व संध्या पर शनिवार को केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पुडुचेरी सहित कई राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों सहित कई गणमान्य हस्तियों ने लोगों को बधाई दीं।
केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और विधानसभा अध्यक्ष एएन शमसीर ने दीपावली की पूर्व संध्या पर अपने-अपने राज्य के लोगों को बधाई दी और कामना की कि यह त्योहार एकता की भावना लाए।
एक संदेश में खान ने कहा कि वह केरल के लोगों और दुनिया भर में फैले केरलवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं।
राज्यपाल ने कहा, ‘‘रोशनी का त्योहार हमारे दिलों में उत्सव की खुशी, सहानुभूति की भावना और एकता की भावना भरे। मैं सभी को खुशहाल और समृद्ध दीपावली की शुभकामनाएं देता हूं।’’
शमसीर ने कहा कि हर त्योहार और उत्सव का मूल अच्छाई और प्रेम की जीत है।
उन्होंने कहा, ‘सभी इस दीपावली को करुणा के साथ मनाए और त्योहार की रोशनी पूरी दुनिया में फैलाए।’’
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं और उनसे राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए एकजुट होकर काम करने का आग्रह किया।
तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि, पुडुचेरी की उपराज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सौंदर्यराजन और कई नेताओं ने रोशनी के त्योहार की पूर्व संध्या पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।
रवि ने तमिल में शुभकामनाएं देते हुए लोगों से त्योहारों के मौके पर स्थानीय सामान खरीदकर स्थानीय उत्पादों के बारे में मुखर होने एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के अनुरूप स्थानीय उत्पादों को संरक्षण देने का आह्वान किया।
डॉ. तमिलिसाई सौंदर्यराजन ने कहा कि दीपावली ने लोगों के बीच एकता और भाईचारे को मजबूत किया है।
पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी, गृह मंत्री ए नमस्सिवयम और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी लोगों को शुभकामनाएं दीं।
ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) महासचिव ई. के. पलानीस्वामी, तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष केएस अलागिरी, तमिल मनीला कांग्रेस के संस्थापक जी.के. वासन, पाट्टाली मक्कल कॉची के संस्थापक डॉ. एस रामदास और अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम के महासचिव टी.टी.वी. दिनाकरन भी लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं देने वालों में शामिल हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *