जरुरी जानकारी | भारत का इथियोपिया से स्थानीय मुद्रा में कारोबारी लेनदेन की संभावनाएं तलाशने का आग्रह

नयी दिल्ली, आठ नवंबर भारत ने इथियोपिया से द्विपक्षीय व्यापारिक लेनदेन को स्थानीय मुद्रा में निपटाने की संभावना तलाशने का आग्रह किया है। इससे द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने और विदेशी मुद्रा की बचत में मदद मिलेगी। एक आधिकारिक बयान में बुधवार को यह जानकारी दी गई।
भारत ने अफ्रीकी देश इथियोपिया को उसके एथस्विच के साथ यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई) पर सहयोग करने के लिए भी आमंत्रित किया है।
इन मुद्दों पर छह-सात नवंबर को अदीस अबाबा में भारत-इथियोपिया संयुक्त व्यापार समिति के छठे सत्र के दौरान चर्चा की गई।
दोनों पक्ष द्विपक्षीय व्यापार में अड़चन डालने वाले सभी मुद्दों का समाधान जल्द निकालने और दोनों देशों के बीच व्यापार संवर्धन को सुविधाजनक बनाने पर भी सहमत हुए।
वाणिज्य मंत्रालय ने कहा, “भारतीय पक्ष ने इथियोपिया से स्थानीय मुद्रा में व्यापार लेनदेन के निपटान की संभावना तलाशने का आग्रह किया, जिससे द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने और विदेशी मुद्रा के संरक्षण में मदद मिलेगी।”
इथियोपिया वित्त वर्ष 2021-22 में 6.4 प्रतिशत की अनुमानित वृद्धि के साथ अफ्रीकी क्षेत्र में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।
वित्त वर्ष 2022-23 में भारत का उससे द्विपक्षीय व्यापार 64.25 करोड़ डॉलर रहा। भारत इथियोपिया का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *