देश की खबरें | ईरानी ने नीतीश कुमार की विवादास्पद टिप्पणी पर चुप्पी के लिए गांधी परिवार की आलोचना की

भोपाल, नौ नवंबर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने महिलाओं के बारे में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विवादास्पद बयान पर ‘‘चुप्पी’’ के लिए बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा पर निशाना साधा।
मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नर्मदापुरम जिले में एक रैली के बाद भारतीय जनता पार्टी की नेता ईरानी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कुमार का बयान, कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन (‘इंडिया’ गठबंधन) की संस्कृति को दर्शाता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘और गांधी परिवार की चुप्पी इस बात का संकेत है कि वे कुमार के इस ‘संस्कार’ का समर्थन करते हैं।’’
ईरानी ने कहा कि यहां तक कि बिहार विधानमंडल के अंदर कुमार के सहयोगी भी उनके बयान पर हंस रहे थे। उन्होंने कहा कि जब गठबंधन के एक सहयोगी द्वारा महिलाओं के सम्मान को चुनौती दी गई, तो कांग्रेस ने चुप्पी साध ली।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘लेकिन मध्य प्रदेश की जनता इस गठबंधन को चुनाव में करारा जवाब देगी… इससे यह भी पता चलता है कि सत्ता की खातिर कांग्रेस महिलाओं के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी को भी स्वीकार करने के लिए तैयार है।’’
बिहार के मुख्यमंत्री ने जनसंख्या नियंत्रण के लिए महिलाओं की शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए इस बात को विस्तार से बताया था कि एक शिक्षित महिला यौन संबंध के दौरान अपने पति को कैसे रोक सकती है।
कुमार ने अपनी टिप्पणी के लिए बुधवार को बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ बाहर भी माफी मांग ली थी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *