देश की खबरें | ओबीसी के तहत मराठा समुदाय को आरक्षण देने का विरोध करने के लिए जरांगे ने वडेट्टीवार पर निशाना साधा

छत्रपति संभाजीनगर, 10 नवंबर मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने शुक्रवार को कांग्रेस के नेता विजय वडेट्टीवार पर निशाना साधा, जो अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के तहत मराठा समुदाय को आरक्षण देने का विरोध कर रहे हैं।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वडेट्टीवार ने हाल ही में कहा था कि महाराष्ट्र सरकार को मराठा आरक्षण के लिए जरांगे की 24 दिसंबर की समय सीमा से डरना नहीं चाहिए और ऐसा कोई गलत कदम नहीं उठाना चाहिए जिससे ओबीसी के साथ अन्याय हो।
वडेट्टीवार ने मराठा युवाओं से जरांगे का अनुसरण करने के बजाय पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया था।
जरांगे ने आरोप लगाया, ”मराठा समुदाय जानता है कि वह (वडेट्टीवार) अपना रुख कैसे बदलते हैं। वह हमें न्याय देने की बात करते हैं, लेकिन हमारे खिलाफ आरोप लगाते रहते हैं। ओबीसी उन जैसे नेताओं के साथ नहीं खड़े हैं।”
जरांगे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ”मैंने ऐसी विपक्षी पार्टी कभी नहीं देखी जो मराठों को ओबीसी श्रेणी में शामिल नहीं होने देती हो।”
जरांगे ने कहा कि मराठा युवा पढ़ाई कर रहे हैं लेकिन कुछ नेता आरक्षण न देकर उन्हें अवसरों से वंचित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि तीन-चार लोग मराठा युवाओं के दुश्मन बन गए हैं।
जरांगे ने दावा किया, ”मराठों की अगली पांच पीढ़ियां भी वडेट्टीवार की बात पर ध्यान नहीं देंगी।”
जरांगे ने मराठा आरक्षण के लिए सबसे पहले 29 अगस्त से 14 सितंबर के बीच और फिर 25 अक्टूबर से दो नवंबर तक अनशन किया था।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *