देश की खबरें | भाजपा के 15 वर्ष के शासन में एमसीडी कर्मियों ने हर साल ‘अंधेरी दिवाली’ देखी: शैली ओबरॉय

नयी दिल्ली, 11 नवंबर दिल्ली की महापौर शैली ओबरॉय ने शनिवार को कहा कि नगर निगम के कर्मियों ने भाजपा के शासनकाल में ‘अंधेरी दिवाली’ देखी है लेकिन आम आदमी पार्टी (आप) शासित निगम ने अब स्थिति बदल दी है।
उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में यह भी कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आप हमेशा कर्मियों के पक्ष में रही है और उनके साथ अपने परिवार के सदस्यों की तरह बर्ताव किया है।
भाजपा की ओर से इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है।
महापौर ने नगर निगम की ओर से सभी को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पिछले 15 सालों में भाजपा निगम में शासन कर रही थी और उसके (एमसीडी के) कर्मियों ने बस समस्याएं ही देखी हैं। वेतन पाने के लिए उन्हें धरने पर बैठना पड़ता था, बोनस के लिए उन्हें संघर्ष करना पड़ता था, अपने अधिकारों के लिए उन्हें दर-दर भटकना पड़ता था। और हर साल दिवाली ‘उनके लिए अंधेरी’ होती थी।’’
उन्होंने दावा किया लेकिन अब आप सत्ता में है और वह कर्मियों के कल्याण के लिए काम करती है एवं उनके साथ अपने परिवार के सदस्यों की तरह बर्ताव करती है।
उन्होंने कहा, ‘‘ एमसीडी में आप के सत्ता में आने के बाद यह पहली दिवाली है। अब उन्हें समय से वेतन मिल रहा है। हमने उन्हें बोनस भी दिया है तथा उन्हें नियमित करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गयी है।’’
आप पिछले साल चार दिसंबर को नगर निगम चुनाव में भाजपा को हराकर सत्ता में आयी थी। उससे पहले निगम में 15 वर्ष तक भाजपा सत्ता में थी। आप पार्षद शैली ओबरॉय इस वर्ष के प्रारंभ में दिल्ली की महापौर निर्वाचित हुईं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *