देश की खबरें | कर्नाटक के मांड्या जिले में नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार, दो सहपाठियों समेत तीन गिरफ्तार

मांड्या, 10 नवंबर कर्नाटक के मांड्या में 17 साल की लड़की के साथ तीन लोगों ने कथित रूप से बलात्कार किया और उन्होंने इस कृत्य का एक वीडियो बना लिया तथा बाद में उसे इसके जरिये ब्लैकमेल किया। पुलिस ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों में से दो किशोर हैं।
पुलिस ने बताया कि जिले के मद्दूर तालुक में चार नवंबर को हुई घटना के सिलसिले में सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता दो आरोपियों को जानती थी, जो उसके सहपाठी थे। पुलिस के अनुसार, एक किशोर उसे तालुक मुख्यालय शहर मद्दूर के एक लॉज में ले गया, जहां उसने अपने दो दोस्तों के साथ उससे कथित तौर पर बलात्कार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने इस कृत्य का वीडियो भी रिकॉर्ड किया और बाद में उसे ब्लैकमेल करने के लिए पीड़िता को भेजा। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने वीडियो के जरिए पीड़िता को बार-बार ब्लैकमेल किया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता ने अपने माता-पिता को आपबीती बताई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में थे।
उन्होंने बताया, ‘‘पीड़िता के माता-पिता की शिकायत के आधार पर, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की सामूहिक बलात्कार, आपराधिक धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।’’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के संबंध में दो किशोरों सहित सभी तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *