देश की खबरें | मिजोरम विधानसभा चुनाव : अपराह्न तीन बजे तक 69 प्रतिशत मतदान

आइजोल, सात नवंबर मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार अपराह्न तीन बजे तक करीब 69 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मिजोरम में कुल 8.57 लाख मतदाता चुनाव में वोट करने के पात्र हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि मतदान के पहले आठ घंटों में मतदान प्रतिशत 68.96 दर्ज किया गया है।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार अपराह्न तीन बजे तक 11 जिलों में से, सरछिप में सबसे अधिक 77.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, इसके बाद ख्वाज़ॉल में 77.12 प्रतिशत और हनाथियाल में 74.96 प्रतिशत मतदान हुआ।
सबसे कम मतदान (52.02 फीसदी) सियाहा में दर्ज किया गया। आइजोल जिले (65.06 प्रतिशत) और सैतुअल (68.08 प्रतिशत) में भी अन्य की तुलना में कम मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया।
राज्य के 8.57 लाख से अधिक मतदाता 174 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे। इनमें 4.39 लाख महिला मतदाता शामिल हैं। मिजोरम के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी एच. लियानजेला ने बताया कि मतदान ‘‘शांतिपूर्ण चल रहा है और अभी तक कानून एवं व्यवस्था की स्थिति में कोई दिक्कत नहीं है।’’
सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ), मुख्य विपक्षी दल जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) और कांग्रेस ने सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 23 सीट पर चुनाव लड़ रही है और आम आदमी पार्टी (आप) ने चार विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी खड़े किए हैं। इसके अलावा 27 निर्दलीय उम्मीदवार हैं।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि आइजोल में एक मतदान केंद्र में ईवीएम में तकनीकी खामी की खबर आयी, जहां मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने वोट डाला है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री सुबह रामलुन वेंगलई प्राइमरी स्कूल में बने मतदान केंद्र में गए लेकिन उस समय ईवीएम काम नहीं कर रही थी। इसलिए वह घर लौट गए और वोट डालने सुबह नौ बजकर 40 मिनट पर फिर आए।’’
कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष लालसावता ने सुबह सात बजकर 40 मिनट पर अपने आइजोल पश्चिम-तृतीय निर्वाचन क्षेत्र में बने एक मतदान केंद्र पर वोट डाला।
मिजोरम में 1,276 मतदान केंद्रों में से 149 सुदूर मतदान केंद्र हैं, जबकि अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय सीमा के आसपास के करीब 30 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं और स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए राज्य भर में 7,200 कर्मियों को तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि मिजोरम विधानसभा के लिए मतदान से पहले म्यांमा से लगी 510 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा और बांग्लादेश से लगी 318 किलोमीटर लंबी सीमा को सील कर दिया गया है।
मतगणना तीन दिसंबर को होगी।

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *