देश की खबरें | ओडिशा : मंदिर के पुजारी की हत्या के आरोप में सात लोग गिरफ्तार

कोरापुट (ओडिशा),12 नवंबर ओडिशा पुलिस ने कोरापुट जिले में एक मंदिर के पुजारी की हत्या के आरोप में रविवार को दो महिलाओं सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक रमेश चंद्र त्रिपाठी (73) आठ नवंबर को यहां बूढ़ी ठकुरानी मंदिर के पास अपने घर में मृत पाए गए थे।
कोरापुट की पुलिस उपाधीक्षक सरबनी नायक ने कहा, ‘‘ हमने इस मामले की जांच शुरू की और पाया कि दो महिलाएं, जो त्रिपाठी के घर में सहायक के रूप में काम करती थीं, उनकी मृत्यु के बाद ड्यूटी पर नहीं आईं। जब हमने उनसे पूछताछ की तो उन्होंने अपने साथियों की मदद से पुजारी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। ’’
नायक के मुताबिक आरोपियों की पहचान सरस्वती जानी (20), रमा गौड़ा (21), प्रताप टाकरी (24), किशन बाग (20), नीरज बेनिया (21), महेंद्र पाणिग्रही (25) और अशोक रे (35) के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा कि चूंकि त्रिपाठी अकेले रहते थे, जानी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनका कीमती सामान लूटने की योजना बनाई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘ जब गिरोह के सदस्य त्रिपाठी को लूटने के लिए उनके घर में घुसे, तो वह मदद के लिए चिल्लाए। उन्हें चुप कराने के लिए आरोपियों ने उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और हाथ-पैर भी बांध दिए। पुजारी की मौत दम घुटने से हुई। ’’
नायक ने बताया कि पुजारी की हत्या करने के बाद आरोपियों ने अलमारी और संदूक को तोड़ दिया और सारे पैसे और गहने लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *